नयी दिल्ली , फरवरी 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने यहां भारत मंडपम में आयोजित कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) समिट में शुक्रवार को युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को शर्मनाक करार दिया है।
श्री खंडेलवाल ने संवाददाताओं से कहा कि जब देश एआई , नवाचार और भारत के तकनीकी भविष्य पर मंथन कर रहा था, उस समय इस प्रकार का भद्दा और ध्यान आकर्षित करने वाला "नग्न प्रदर्शन" करना देश की गरिमा को ठेस पहुँचाने जैसा है।
उन्होंने कहा कि यह आचरण उस दिवालिया मानसिकता को उजागर करता है जो आज कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। विचार, नीति विकल्प और सार्थक बहस प्रस्तुत करने के बजाय कांग्रेस केवल नाटक, उकसावे और अव्यवस्था फैलाने की राजनीति कर रही है। यह व्यवहार न केवल राजनीतिक हताशा दर्शाता है, बल्कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं से पूर्णतः कटे होने का प्रमाण भी है।
उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों के बावजूद कांग्रेस ने आत्ममंथन नहीं किया है। श्री राहुल गांधी के विफल और अप्रभावी नेतृत्व में कांग्रेस ने रचनात्मक विपक्ष की भूमिका छोड़कर केवल प्रदर्शन और सनसनी की राजनीति को अपनाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित