रायपुर, 21 फरवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा है कि एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से नग्न होकर प्रदर्शन करना देश को अपमानित करने की एक सोची-समझी साजिश है।

श्री देव ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि नयी दिल्ली में आहूत एआई समिट के दौरान शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से गए नग्न प्रदर्शन को भारत को अपमानित करने की एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी राजनीति के एक नए निचले स्तर पर गिर गए हैं, जहाँ उन्होंने कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पोस्टर लेकर दुनिया के सबसे बड़े 'एआई इम्पैक्ट समिट' में निर्वस्त्र होने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस के घोर पतन, निर्लज्जता और मानसिक दीवालियेपन का परिचायक है।श्री गांधी के उकसावे पर की गई यह घिनौनी हरकत कांग्रेस के वैचारिक पतन को उजागर करती है। एक तरफ जहाँ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार, प्रगति और राष्ट्र निर्माण के लिए खड़ा है, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस केवल व्यवधान, बाधा और नकारात्मकता का प्रतीक बन गई है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यह स्पष्ट है कि कांग्रेस ने 'एआई इम्पैक्ट समिट' को बदनाम करने की साजिश बहुत पहले ही रच ली थी। श्री गांधी के इशारे पर लोगों को इकट्ठा किया गया, उन्हें शिखर सम्मेलन के लिए पंजीकृत कराया गया और फिर इस अपमानजनक कृत्य के लिए उकसाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित