नयी दिल्ली , फरवरी 20 -- एआई इंपैक्ट शिखर सम्मेलन में शुक्रवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके कई नेताओं ने तीखी आलोचना की है।

भाजपा ने बयान जारी कर इस कृत्य को वैश्विक मंच पर भारत को शर्मिंदा करने का प्रयास बताया। पार्टी ने कहा, "ऐसे समय में जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और तकनीक के क्षेत्र में अपने नवाचार और नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है तब कांग्रेस पार्टी ने गरिमा के बजाय हंगामे को चुना।"बयान में कहा गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया और हंगामा खड़ा किया, यह कृत्य स्पष्ट रूप से विश्व मंच पर भारत को शर्मिंदा करने के लिए किया गया था।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "यह कांग्रेस के अहंकार और हताशा का प्रदर्शन है! तो, श्री राहुल गांधी, सरकार को निशाना बनाने के लिए भारत को अपमानित करना ही विपक्ष को लेकर आपका विचार है!"श्री गोयल ने कहा, "एक तरफ जहाँ आप हाल के व्यापारिक समझौतों के बारे में झूठ फैलाकर भारत के विकास का गला घोंटना चाहते हैं, वहीं आपके कार्यकर्ता इस प्रतिष्ठित एआई शिखर सम्मेलन में शर्ट उतारकर मार्च कर रहे हैं और वैश्विक स्तर पर 140 करोड़ भारतीयों को शर्मिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं।"केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा जिस शर्मनाक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर अनुचित व्यवहार करते हुए हंगामा किया गया है वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत की प्रतिष्ठा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास भी है।मैं कांग्रेस के इस कृत्य की भर्त्सना करता हूँ।"भाजपा प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "आज राहुल गांधी के कहने पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जो किया है, उसका आक्रोश पूरे हिंदुस्तान के युवाओं में है।" उन्होंने कहा कि इसमें चार लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है, जो युवा कांग्रेस के नेता हैं।

श्री पात्रा ने कहा कि ये छोटे कार्यकर्ता नहीं बल्कि बड़े पदों पर आसीन कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा, "ये अफरातफरी में अंदर चले गये हों ऐसा नहीं है। इन्होंने पहले पंजीकरण करावाया। इन्हें क्यूआर कोड प्राप्त हुआ। ये एक इरादे के साथ अंदर गये।" उन्होंने कहा कि ये कार्यकर्ता उल्टी टी-शर्ट पहन कर अंदर गये जिसमें दिख नहीं रहा था कि क्या लिखा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित