पटना , फरवरी 20 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे एआई समिट में इंडियन नेशनल यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन भारत की उपलब्धियों का अपमान है।
श्री सिन्हा ने एआई समिट में इंडियन नेशनल यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन की निंदा करते हुए कहा कि यह समिट देश की तकनीकी क्षमता, स्टार्टअप शक्ति और युवाओं की प्रतिभा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के दौरान विरोध कर कांग्रेस ने भारत की उपलब्धियों का अपमान किया है।
उप मुख्यमंत्री कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि यह भाजपा का नहीं, बल्कि भारत का आयोजन था। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस का यह प्रदर्शन भारत की उपलब्धियों और युवाओं की क्षमता और प्रतिभा को कमतर दिखाने की कोशिश की है।
श्री सिन्हा ने कहा कि विश्व स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा के दौर में इस तरह का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन देश की छवि को धूमिल करने की कोशिश है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की ग्लोबल तरक्की दिखाने वाले इतने बड़े इवेंट के समय कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश की इमेज की इज्जत करने के बजाय उसे शर्मिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस तरह का व्यवहार उनकी नकारात्मक सोच को दिखाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित