अमृतसर , मार्च 17 -- कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक के जरिए वीडियो बनाकर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब की मर्यादा को ठेस पहुंचाने और सिख संगत की भावनाओं को आहत करने वाली घटनाओं के लगातार बढ़ते रुझान पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने गहरी चिंता व्यक्त की है।विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड हुई ऐसी वीडियो सामने आने के बाद, एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित खातों और व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।
शिरोमणि कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दुरुपयोग से सिखों की धार्मिक भावनाओं को गहरी चोट पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी ऐसे मामलों को लेकर बेहद गंभीर है और एआई क्षेत्र के विशेषज्ञों के सहयोग से इसे रोकने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
एडवोकेट धामी ने कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब सिखों का केंद्रीय स्थान है, जहां से पूरी मानवता को 'सर्व-साझावलता' (समानता और भाईचारे) का उपदेश मिलता है। कुछ लोगों द्वारा इस पावन स्थान की गलत तरीके से वीडियो बनाकर सिखों की भावनाओं को आहत किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत गंभीर मामला है, जिसके प्रति सरकार को भी संजीदा दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। सरकार को दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत न कर सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित