श्रीनगर , फरवरी 04 -- जेल में बंद जम्मू-कश्मीर के बारामूला के सांसद इंजीनियर राशिद के नेतृत्व वाली अवामी इत्तेहाद पार्टी (एआईपी) ने बुधवार को राज्य का पूर्ण दर्जा बहाल करने और क्षेत्र से संबंधित अन्य ज्वलंत मुद्दों को उठाने के लिए नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक एकीकृत और शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया।
एआईपी के मुख्य प्रवक्ता इनाम उन नबी ने पार्टी के उपाध्यक्ष जी एन शाहीन के साथ यहाँ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए घोषणा की कि विरोध प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर के राज्य के दर्जे की तत्काल बहाली, संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण और केंद्र शासित प्रदेश से बाहर कश्मीरियों के उत्पीड़न को समाप्त करने की मांग पर केंद्रित होगा।
श्री इनाम ने कहा, "हम नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और सभी क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के साथ-साथ सामाजिक-आर्थिक क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाओं को आमंत्रित करते हैं कि वे कार्रवाइयों को जम्मू तक सीमित रखने के बजाय जंतर-मंतर पर एक एकीकृत विरोध प्रदर्शन में शामिल हों।" उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनुमति के लिए आवेदन किया है और विरोध प्रदर्शन की तारीख तदनुसार सूचित की जाएगी।
श्री शाहीन ने कहा कि हालांकि एआईपी का राजनीतिक दृष्टिकोण राज्य के दर्जे की बहाली से कहीं आगे है, लेकिन मौलिक अधिकारों की बहाली और भारत के संविधान के ढांचे के भीतर लोगों की व्यापक राजनीतिक आकांक्षाओं की प्राप्ति के लिए राज्य का दर्जा बुनियादी आधार बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित