ऋषिकेश , फ़रवरी 04 -- ऋषिकेश के भट्टोवाला रोड पर महिला से कुण्डल छीनकर फरार हुए स्नैचर को दून पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सटीक पुलिसिंग के दम पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने स्नैचिंग की घटना का मंगलवार देर रात सफल अनावरण करते हुए आरोपी को लूटे गए कुण्डलों और घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि एक फरवरी की सुबह डिवाइन ग्लोबल स्कूल के समीप भट्टोवाला रोड पर स्कूटी सवार एक अज्ञात युवक ने गुमानीवाला निवासी गुड्डी देवी के कानों से कुण्डल झपट लिया और फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही पूर्व में इस तरह के अपराधों में संलिप्त रहे अपराधियों का भौतिक सत्यापन कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पुलिस ने मंसा देवी फाटक के पास चेकिंग के दौरान आरोपी आकाश पुत्र नरेश कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से महिला से छीने गए कुण्डल तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है और नशे व अन्य जरूरतों की पूर्ति के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित