ऋषिकेश , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड में तीर्थनगरी ऋषिकेश में लंबे समय से चल रहे एक कथित 'हवस के नेटवर्क' का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस के अनुसार, एक महिला की शिकायत पर तीन प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में एक आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि वर्ष 2021 से उसे लगातार डराकर, धमकाकर और ब्लैकमेल कर अलग-अलग होटलों और फार्महाउसों में ले जाकर दुष्कर्म किया जाता रहा। आरोप है कि आरोपियों ने महिला की पारिवारिक स्थिति और उसके पिता की गंभीर बीमारी का फायदा उठाते हुए उसे मानसिक दबाव में रखा।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला को पहले विश्वास में लिया और फिर धमकियों व आपत्तिजनक फोटो के जरिए उसे अपने जाल में फंसा लिया। कई बार उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म करने के आरोप भी सामने आए हैं। विरोध करने पर महिला को उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जाती थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता ने अपने पति पर भी आरोप लगाया है कि उसने कई बार उसकी शिकायतों को नजरअंदाज किया। इस एंगल पर भी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है कि कहीं पूरे नेटवर्क में और लोग तो शामिल नहीं हैं।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कोई एक-दो घटनाओं का मामला नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा सुनियोजित शोषण का मामला हो सकता है। इसमें और बड़े नाम सामने आने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित