ऋषिकेश , फरवरी 21 -- उत्तराखंड के रिषिकेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को कोतवाली पुलिस ने 9.51 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, जनपद देहरादून को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार जांच और दबिश अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी मे पुलिस टीम ने गश्त और आकस्मिक जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनूप कंडियाल निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश बताया। तलाशी लेने पर उसकी शर्ट की जेब से सफेद पारदर्शी पन्नी में रखा भूरे रंग का डलीनुमा और चूरे जैसा पदार्थ बरामद हुआ, जो जांच में स्मैक पाया गया। वजन करने पर इसकी मात्रा 9.51 ग्राम निकली है।

आरोपी ने बताया कि वह स्मैक हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र से खरीदकर लाता था और राहगीरों को बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित