ऋषिकेश, जनवरी 27 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री देवभूमि विजन को साकार करने की दिशा में दून पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में ऋषिकेश पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50.56 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

मंगलवार को कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा भैरव मंदिर वाली गली क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दीपक सैनी, निवासी ग्राम मढेया कल्याणपुर, थाना कोतवाली देहात, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 50.56 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह स्मैक को बरेली (उ.प्र.) से साहिल नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था और ऋषिकेश व आसपास के क्षेत्रों में नशे के आदी युवाओं व अन्य व्यक्तियों को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।

पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है। प्रकाश में आए अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित