ऋषिकेश , मई 11 -- उत्तराखंड क ऋषिकेश में नगर निगम की बोर्ड बैठक में सोमवार को एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसके तहत अब शहर में विवाह, बच्चे के जन्म, गृह प्रवेश और अन्य शुभ अवसरों पर किन्नर समुदाय द्वारा बधाई के नाम पर अधिक धनराशि की मांग पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

नगर निगम बोर्ड ने तय किया है कि बधाई स्वरूप अधिकतम 2100 रुपये ही दिए जाएंगे। इससे अधिक धनराशि की जबरन मांग या दबाव बनाए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति प्रशासन से शिकायत कर सकेंगे।

यह प्रस्ताव वार्ड पार्षद अभिनव सिंह मलिक द्वारा बोर्ड बैठक में रखा गया, जिसे सभी पार्षदों ने समर्थन देते हुए मंजूरी दे दी। प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि कई बार आम नागरिकों से बधाई के नाम पर अत्यधिक रकम मांगी जाती है, जिससे लोगों को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि समाज में परंपराओं और सामाजिक रीति-रिवाजों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन किसी भी प्रकार की जबरदस्ती उचित नहीं मानी जा सकती।

बैठक में मौजूद अन्य पार्षदों ने भी प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि इससे आम जनता को राहत मिलेगी और अनावश्यक विवादों पर रोक लगेगी। बोर्ड द्वारा प्रस्ताव पारित होने के बाद अब इसे प्रशासनिक स्तर पर लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित