ऋषिकेश , फरवरी 01 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार देर रात अज्ञात हमलावर ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिवाजी नगर गली नंबर-16 में गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब घटनास्थल की ओर पहुंचे तो कमरे के फर्श पर महिला लहूलुहान हालत में गिरी हुई मिली।
सूचना मिलते ही कोतवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पूछताछ में मृतका की पहचान 32 वर्षीय प्रीति रावत के रूप में हुई, जो एम्स ऋषिकेश में कार्यरत थी। पुलिस ने घायल अवस्था में महिला को एंबुलेंस से एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार गोली घर के जाली लगे दरवाजे से सटाकर चलाई गई, जिससे यह हत्या पूर्व नियोजित प्रतीत हो रही है। घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक प्रीति रावत का 8 वर्षीय बेटा वर्तमान में नाना-नानी के पास रहता है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ और एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस के साथ एसओजी की टीम भी अज्ञात हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयासों में जुट गई है। इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित