ऋषिकेश, 11अप्रैल (वार्ता ) उत्तराखंड के ऋषिकेश में अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार देर रात्रि आबकारी टीम ऋषिकेश एवं जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने मोहकमपुर फ्लाईओवर के समीप एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को रोका और जांच के दौरान 10 पेटी शराब की जब्त की गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी से कुल 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब में पांच पेटी रॉयल स्टैग व्हिस्की (कांच की बोतलें) शामिल हैं, जिन पर "फॉर सेल इन डिफेंस ऑनली" अंकित पाया गया। इसके अतिरिक्त पांच पेटी मैकडॉवेल नंबर 01 अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिन पर "फॉर सेल इन दिल्ली ऑनली" लिखा हुआ था।

कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि पुत्र ग्वेन्द्र सिंह बताया और वह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है, वर्तमान में देहरादून के बद्रीपुर में रहता है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।

आबकारी टीम ने बरामद शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में लेकर जब्त कर दिया है। अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी तस्कर को नियमानुसार शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित