ऋषिकेश , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश शहर में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार देर रात बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में टीम को मौके से अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद हुआ, जिससे क्षेत्र में अवैध कारोबार की पुष्टि हुई है।
आबकारी टीम ने छापेमारी के दौरान शिवम पुत्र बाबूराम, निवासी आवास विकास कॉलोनी ऋषिकेश, को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 16 केन गॉडफादर बीयर, 22 पव्वे इंपिरियल ब्लू तथा दो पव्वे रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब को टीम ने तत्काल कब्जे में लेते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
अधिकारियों के अनुसार आरोपी रेस्टोरेंट के माध्यम से अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा था, जो नियमों के स्पष्ट उल्लंघन की श्रेणी में आता है। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
छापेमारी के बाद आबकारी अधिकारियों ने आरोपी को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि दोहराए जाने पर और कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग ने यह भी कहा कि शहर में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित