टिहरी , जनवरी 21 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती यातायात समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ऋषिकेश बाईपास परियोजना को लेकर अहम प्रगति हुई है। यह प्रस्तावित बाईपास टिहरी जिले के नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगा, जिससे न केवल यातायात व्यवस्था को राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

इसको लेकर कैबिनेट मंत्री एवं नरेंद्रनगर विधायक सुबोध उनियाल ने परियोजना से जुड़े सम्बंधित अधिकारियो के साथ बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर प्रस्तावित तीनपानी-योगनगरी-खारास्रोत बाईपास मार्ग को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान हर्बल पार्क और मुनि की रेती क्षेत्र की पर्यावरणीय संवेदनशीलता पर विशेष फोकस किया गया। मंत्री के निर्देश पर बाईपास मार्ग के डिज़ाइन में आवश्यक संशोधनों पर सहमति बनी, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन से पर्यावरण संतुलन प्रभावित न हो और स्थानीय जनभावनाओं का भी पूरा सम्मान किया जा सके।

श्री उनियाल ने कहा कि यह बाईपास परियोजना नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। परियोजना के पूर्ण होने से ऋषिकेश शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा, वहीं आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और अन्य विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनहित के बीच संतुलन बनाकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य ऐसी योजनाओं को धरातल पर उतारना है, जिससे आम जनता को सुविधा मिले और प्रकृति के संरक्षण से भी कोई समझौता न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित