ऋषिकेश , दिसंबर 09 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के श्यामपुर ब्लॉक कार्यालय में मंगलवार को आगामी 14 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में प्रस्तावित 'वोट चोर गद्दी छोड़' रैली की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता शामिल हुये और रैली में क्षेत्र से अधिकतम संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता श्यामपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजयपाल पंवार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने की। दोनों नेताओं ने कहा कि बैठक का उद्देश्य रैली की तैयारियों को अंतिम रूप देना है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है। श्री रमोला ने कहा कि दिल्ली में आयोजित होने वाली यह रैली जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का अवसर होगी।
पूर्व अध्यक्ष सतीश रावत और महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने भी बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। नेताओं ने दावा किया कि श्यामपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक रैली में भाग लेंगे।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता गजेंद्र विक्रम शाही, ग्राम प्रधान शबनम देवी, कुशाल सजवाण, हर्षपति सेमवाल, सनमोहन रावत, सुन्दर सिंह रावत, कांता प्रसाद कंडवाल, राजेंद्र गैरोला, रामस्वरूप राणाकोटि, बलदेव नेगी, जीत सिंह रागंड, ऋषि सिंघल, सुमित चौहान, कमल सिंह रागंड, निर्मल रागंड, सुनील दत्त शर्मा, रोहित नेगी, राजेंद्र दरियाल, देव पोखरियाल, जितेंद्र त्यागी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित