पटना , फरवरी 04 -- िहार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देशानुसार उद्योग विभाग, बिहार सरकार से संबंधित योजनाओं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत ऋण की स्वीकृति एवं वितरण को गति देने के उद्देश्य से राज्य के सभी जिलों में छह फरवरी 2026 एवं 12 मार्च 2026 को ऋण कैंप का आयोजन किया गया है।

आयोजित ऋण कैंप में संबंधित जिले के जिला पदाधिकारी, उद्योग विभाग के पदाधिकारी, जीविका के पदाधिकारी एवं बैंकों के वरीय पदाधिकारी सहभागिता करेंगे, जिससे पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुलभ एवं त्वरित रूप से प्राप्त हो सके। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बल मिलेगा, बल्कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

उक्त तिथियों को जिलों में आयोजित होने वाले ऋण कैंप के सफल संचालन एवं प्रभावी अनुश्रवण के लिए उद्योग विभाग द्वारा विभागीय पदाधिकारियों को जिलावार दायित्व सौंपा गया है, जिससे ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।

उद्योग विभाग का यह प्रयास राज्य में उद्यमिता आधारित विकास को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आत्मनिर्भर बिहार के लक्ष्य को साकार करने में सहयोग मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित