ऊना (हिमाचल प्रदेश) , फरवरी 21 -- हिमाचल प्रदेश के ऊना में किसानों से गेहूं की खरीद आठ अप्रैल से 15 जून तक की जायेगी।

ऊना के जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले (डीएफएससी) राजीव शर्मा ने शनिवार को बताया कि यह खरीद रामपुर अनाज मंडी और टकारला अनाज मंडी में की जाएगी। इस काम के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है।

सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित और सुनिश्चित मूल्य मिल सके। जिले के किसान अपनी उपज की बिक्री के लिए 1 मार्च के बाद ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।

डीएफएससी ने स्पष्ट किया कि टोकन सेवा शुरू होने के बाद किसान निर्धारित तिथि तक अपने टोकन बुक कर सकेंगे और मंडी में अपनी उपज बेच सकेंगे। यह प्रणाली किसानों को घर बैठे अपनी फसल बेचने की सुविधा प्रदान करेगी। श्री शर्मा ने बताया कि खरीदे गए गेहूं की राशि पारदर्शी, सुरक्षित और निर्बाध भुगतान प्रक्रिया सुनिश्चित करते हुए ऑनलाइन माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित