ऊधमसिंहनगर , मार्च 28 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले की गदरपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर वांछित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जांच के दौरान ग्राम कलकत्ती खानपुर तिराहा के पास आरोपी शाकिर अली उर्फ नक्टा ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस बीच आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी का पीछा कर कनकट्टा चौराहा से आगे कुईखेड़ी मार्ग पर श्मशान घाट के पास घेराबंदी की। यहां मुठभेड़ के बाद लिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा गया है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गौरतलब है कि 24 जनवरी को एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट रुद्रपुर ने जांच के दौरान एक नाबालिग को स्कूटी के साथ पकड़ा था, जिसकी डिग्गी से स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई थी। पूछताछ में नाबालिग ने बताया था कि यह नशा उसके पिता शाकिर अली उर्फ नक्टा और मां द्वारा सप्लाई के लिए भेजा गया था। इसी आधार पर गदरपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने नाबालिग बच्चों से नशे का कारोबार कराता था। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में कुल दस मुकदमे दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित