नयी दिल्ली , जनवरी 09 -- देश में उर्वरकों का उत्पादन साल 2025 में बढ़कर 525 लाख टन पर पहुंच गया जिससे कुल खपत का 73 प्रतिशत घरेलू उत्पादन से पूरा करना संभव हुआ है।
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि साल 2025 में देश की कुल उर्वरक खपत का 73 प्रतिशत हिस्सा देश में ही उत्पादन कर पूरा किया गया। यह उपलब्धि सरकार की प्रभावी नीतियों और किसानों के हित में निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मंत्रालय ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि सरकार के प्रयासों से साल 2025 में उर्वरकों का घरेलू उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी का कुल घरेलू उत्पादन साल 2021 में 433 लाख टन था जो 2022 में बढ़कर 468 लाख टन हो गया। इसके बाद 2023 में इसमें बड़ी वृद्धि दर्ज की गई और उत्पादन 508 लाख टन तक पहुंच गया। यह बढ़त 2024 में भी जारी रही, जब उत्पादन 510 लाख टन पहुंच गया। वहीं, 2025 में उर्वरक उत्पादन 525 लाख टन दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित