फिरोजाबाद , फरवरी 1 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने राजाज्ञा जारी कर शिकोहाबाद तहसील क्षेत्र के मौजा बासुदेव मई स्थित उरमरा किरार गांव का नाम बदलकर 'हरिनगर' कर दिया है। शासन के निर्णय की जानकारी मिलते ही रविवार को ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए मिठाइयां बांटी।

ग्राम प्रधान नीरज धनगर ने बताया कि गांववासियों को एक जाति विशेष के नाम पर गांव का नाम होना उचित नहीं लगता था। वर्ष 2021 में ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर नाम परिवर्तन का प्रस्ताव शासन को भेजा था। उन्होंने बताया कि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के प्रयासों से शासन ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए गांव का नाम हरिनगर कर दिया। ग्रामीणों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि यह गांव कभी चूड़ी निर्माण के लिए जाना जाता था। विभाजन के बाद यहां के कई कारीगर पाकिस्तान चले गए थे। अब नाम परिवर्तन के साथ ग्रामीणों ने गांव के विकास की नई उम्मीद जताई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित