जम्मू , अप्रैल 07 -- जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को रेल हेड कॉम्प्लेक्स, जम्मू में जम्मू-कश्मीर बैंक के क्षेत्रीय व्यापार केंद्र का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उप राज्यपाल ने बैंक की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह केंद्र बैंक के बुनियादी ढांचे और व्यापार विस्तार रणनीति में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह नया केंद्र एक प्रमुख परिचालन और प्रशासनिक हब के रूप में कार्य करेगा, जिससे सेवा वितरण और कार्यक्षमता में सुधार होगा।

यह तकनीक-सक्षम केंद्र बैंक की कार्यकुशलता बढ़ाने, बाजार में पहुंच मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में समावेशी विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताव चटर्जी ने बताया कि बैंक का कुल कारोबार 2.90 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र केवल भौतिक विस्तार नहीं, बल्कि प्रमुख विकास क्षेत्र में बैंक की व्यावसायिक संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

नया केंद्र जम्मू क्षेत्र में बैंक की उपस्थिति को और सुदृढ़ करेगा और आधुनिक ग्राहक आवश्यकताओं के अनुरूप सेवायें प्रदान करने में मदद करेगा।

इस भवन में करेंसी चेस्ट, आधुनिक शाखा, विभिन्न विभागीय कार्यालय और प्रशासनिक इकाइयां स्थापित की गयी हैं, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव अतल डुल्लू, उप राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. मंदीप के. भंडारी, बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित