‎पटना , अक्टूबर 15 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को लखीसराय से नामांकन का पर्चा दाखिल किया, जहां दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुयीं।

डॉ. सुनील कुमार ने बिहारशरीफ से नामांकन का पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा बैकुंठपुर से मिथिलेश तिवारी, दरभंगा से संजय सरावगी, पातेपुर से लखेन्द्र कुमार रौशन और दीघा से संजीव चौरसिया ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन का पर्चा दाखिल किया।

‎ दरभंगा में आयोजित सभा में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और सांसद विवेक ठाकुर उपस्थित रहे और लोगों को संबोधित किया। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लखीसराय और बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

‎ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में विकास दिख रहा है। इस विकास की गति को बनाए रखने के लिए बिहार में फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)की सरकार जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिहार में हो रहे विकास कार्यों की गति का हिस्सा बनने के लिए वह खुद बिहार की धरती पर आयी हैं। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि बिहार में हो रहे विकास कार्यों का हिस्सा बन सकें। बिहार आगामी दिनों में इसी तरह से विकास के पथ पर अग्रसर होता रहेगा।

‎ श्रीमती गुप्ता ने कहा कि लोगों के उत्साह से यह कहना गलत नहीं होगा कि बिहार में एक बार फिर से राजग की जीत हो रही है। उन्होंने कहा कि यहां पर लोगों के मन में राजग को लेकर साफ उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि आगामी चुनाव में राजग बाजी मारने जा रहा है।

‎ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दरभंगा विधानसभा क्ष्रेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब बिहार को पीछे मुड़ कर देखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अब कभी भी पुरानी सरकार को फिर से नहीं आने देंगे। उन्होंने लोगों से एक बार फिर राजग की सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि बिहार ने राजग के शासनकाल में विकास का स्वाद चखा है। सुशासन किसे कहते हैं, इसे लोगों ने महसूस किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित