लखनऊ , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों संगठनात्मक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मुलाकात की। इस दौरान पार्टी संगठन से जुड़े लंबित मामलों और आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश संगठन को और मजबूत बनाने, विभिन्न पदों पर बदलाव तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक को आगामी संभावित फेरबदल और राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े रविवार को लखनऊ पहुंचेंगे। उनके दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में संगठन के ढांचे, विभिन्न मोर्चों में बदलाव और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गहन मंथन होगा।

पार्टी सूत्रों की मानें तो संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर कई नामों पर चर्चा चल रही है। अंदरखाने बैठकों का दौर तेज है और संभावित बदलावों को लेकर कयास भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद ही होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित