लखनऊ , दिसंबर 12 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर पार्टी में शुक्रवार को दिनभर मंथन चलता रहा। प्रदेश मुख्यालय से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक बैठकों और रणनीतिक चर्चाओं की श्रृंखला जारी रही।

भाजपा राज्य मुख्यालय में आयोजित अहम बैठक में महामंत्री संगठन धर्मपाल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा इस बैठक का मुख्य एजेंडा रही।

इधर, प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने से ठीक पहले शुक्रवार शाम राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। यह बैठक राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अंतिम सहमति के संकेत इसी से जुड़े माने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार को दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच नामांकन दाखिल किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित