लखनऊ , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार राज्य के पश्चिमी हिस्सों से मानसून पूरी तरह लौट चुका है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में अगले 48 घंटों के भीतर मानसून की विदाई हो जाएगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह ने बताया कि 24 से 26 सितंबर के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पश्चिमी यूपी के अधिकांश हिस्सों से वापसी शुरू कर दी थी। अब यह प्रक्रिया उत्तर प्रदेश के अधिकांश भागों तक पहुंच चुकी है। वर्तमान में राज्य में कोई सक्रिय वर्षा प्रणाली नहीं है और आसमान साफ तथा मौसम शुष्क बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बिजनौर, मेरठ, बरेली से मानसून 24 से 26 सितंबर के बीच लौट चुका है। वहीं लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे जिलों में 10 अक्टूबर को वापसी दर्ज की गई जबकि गोरखपुर क्षेत्र में मानसून की वापसी 10 अक्टूबर तक पूरी होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक पूरे राज्य में कहीं भी भारी वर्षा की संभावना नहीं है। हालांकि, रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होगी। मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता से अपील की है कि मानसून की विदाई के इस चरण में खेतों में कटाई और भंडारण के कार्य सावधानी से करें तथा मौसम विभाग की वेबसाइट या सोशल मीडिया हैंडल्स से अपडेट लेते रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित