रायपुर , दिसंबर 09 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और प्रदेश के स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित स्वदेशी संकल्प यात्रा को तेलीबांधा तालाब परिसर से ध्वज दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर आयोजित बाइक रैली में शामिल होकर उपमुख्यमंत्री साव ने रायपुरवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी के मंत्र से ही छत्तीसगढ़ और देश को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

उन्होंने रायपुरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को खुशहाल और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से स्वदेशी का संदेश घर-घर पहुंचाने का यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। 22 दिनों तक चलने वाली यह स्वदेशी संकल्प यात्रा पूरे प्रदेश में सकारात्मक वातावरण तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने का यह संकल्प हमें आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और स्वाभिमानी बनाएगा तथा भारत माता के गौरव और वैभव को पुनः स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, कैट उपाध्यक्ष अमर परवानी, रायपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष नंदकुमार साहू, सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के, अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी, स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी, व्यापारी बंधु और बड़ी संख्या में रायपुरवासी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित