कपूरथला , मार्च 11 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त अमित कुमार पांचाल ने वर्तमान समय में खाड़ी देशों में युद्ध के बाद उपजे हालात को देखते हुए उपभोक्ताओं को पेट्रोल, डीजल और घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर सुनिश्चित करने के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की है।

उपायुक्त ने बुधवार को जिले की सभी गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप मालिकों को निर्देश दिया कि कोई भी गैस/तेल की जमाखोरी या कालाबाजारी न करे और उपभोक्ताओं को समय पर गैस एवं तेल की आपूर्ति सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कोई भी पेट्रोल पंप मालिक या गैस एजेंसी मालिक या उनका कोई कर्मचारी आपूर्ति की कमी के बहाने उपभोक्ताओं से 'ओवरचार्जिंग' न करे और यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस दौरान उपायुक्त ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि कोई भी शरारती तत्व एलपीजी, पेट्रोल या डीजल की चोरी या कालाबाजारी न करे और यदि कोई ऐसा करता पाया जाए तो तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें सूचित किया जाए। उन्होंने जिला निवासियों से भी अपील की कि कपूरथला जिले की सीमा के भीतर किसी भी पेट्रोल पंप पर तेल की कोई कमी नहीं है और न ही गैस एजेंसियों के पास घरेलू गैस की कोई किल्लत है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि लोग आपूर्ति की चिंता न करें और पहले की तरह आवश्यकतानुसार ही तेल/गैस प्राप्त करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित