जयपुर , फरवरी 02 -- राजस्थान में पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) ने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी एवं डमी अभ्यर्थी अशोक कुमार को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि इस प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे अशोक कुमार को एसओजी द्वारा फलोदी पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया।

श्री बंसल ने बताया कि जांच में यह तथ्य सामने आया है कि अशोक कुमार (31) निवासी ग्राम मटोल पाट, थाना फलोदी, जिला फलोदी द्वारा उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 के दौरान तीनों परीक्षा दिनों (13 से 15 सितंबर 2021) को विभिन्न अभ्यर्थियों के स्थान पर डमी परीक्षार्थी के रूप में बैठकर लिखित परीक्षा दी गई, जिसके परिणामस्वरूप संबंधित अभ्यर्थी अवैध रूप से चयनित हुए।

उन्होंने बताया कि अशोक ने 3 सितंबर 2021 को श्याम प्रताप सिंह के स्थान पर, इसके अगले दिन श्रवण कुमार गोदारा के स्थान पर एवं इसके अगले दिन हुई परीक्षा में मदनलाल के स्थान पर लिखित परीक्षा देकर संगठित धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। प्रकरण में पूर्व में श्याम प्रताप सिंह, श्रवण कुमार गोदारा एवं मदनलाल को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध न्यायालय में आरोप-पत्र प्रस्तुत किए जा चुके हैं। अभियुक्त अशोक कुमार वर्ष 2024 से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

उन्होंने बताया कि आरोपी अशोक को न्यायालय में प्रस्तुत कर पांच फरवरी तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अब तक 63 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक, 06 चयनित उपनिरीक्षक सहित कुल 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित