उन्नाव , जनवरी 24 -- उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मृत्यु हो गयी है। पुलिस ने शनिवार काे बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गदोरवा गांव के पास अचलगंज पुरवा मार्ग पर बीती देर रात यह हादसा उस समय हुआ जब लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र से भंडारा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे तीन युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के साइन बोर्ड से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण बाइक बेकाबू हो गई और साइन बोर्ड के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरे। मृतकों की पहचान बीघापुर थाना क्षेत्र के अढ़ोली गांव निवासी अनुराग (31) पुत्र रमेश कुमार, बेसनखेड़ा निवासी राहुल पाल (26) और तौरा निवासी सौरभ (25) के रूप में हुई है। अनुराग और राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सौरभ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित