श्रीगंगानगर , दिसम्बर 29 -- उत्तर प्रदेश के उन्नाव रेप कांड की पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को फांसी की सजा दिए जाने की मांग को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की ओर से श्रीगंगानगर में एक जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में घुसकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन की अगुवाई संगठन की जिलाध्यक्ष सुनीतादेवी, जिला सचिव कविता निहालिया और कोषाध्यक्ष मीनाक्षी सैनी ने की। जुलूस शहर के मुख्य मार्गों से गुजरता हुआ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अंदर प्रवेश करके महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा कुलदीप सेंगर की सजा को निलंबित करने के फैसले से महिलाओं के प्रति अपराधों में वृद्धि हो सकती है।
जिला सचिव कविता निहालिया ने न्यायिक व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी पर चिंता जतायी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित