बुलंदशहर,28दिसंबर(वार्ता)उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर के थाना खानपुर क्षेत्र के गांव ढकरोली नयाबास में उधारी के रुपये मांगने गए एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने हेतु दबिश दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जनपद के ग्राम हिमाबाद निवासी राजकुमार, गांव ढकरोली नयाबास निवासी मिंटू के फार्म पर अपने बकाया रुपये मांगने गया था। इसी दौरान हुए विवाद में राजकुमार पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में पड़े युवक को देखकर स्थानीय लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों द्वारा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याना में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि राजकुमार और मिंटू के बीच करीब 20 लाख रुपये के लेन-देन का मामला है। घटना की सूचना मिलते ही थाना खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित