भिंड , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले में उधार के पैसों और ब्याज की मांग को लेकर हुए विवाद में एक युवक को उसके पड़ोसी ने गोली मार दी।

कोतवाली पुलिस सूत्रों ने बताया कि कल देर रात 34 वर्षीय युवक राजू राजावत को उसके ही पड़ोसी हरसू खान ने कट्टे से गोली मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक राजू राजावत ने करीब पांच वर्ष पहले अपने पड़ोसी हरसू खान को व्यापार के लिए 20 हजार रुपये उधार दिए थे। रकम लंबे समय से वापस नहीं की गई थी। कल सुबह राजू ने हरसू से पैसे ब्याज सहित लौटाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो दिनभर अलग-अलग समय पर चलती रही। बताया जा रहा है कि देर रात हरसू खान अपने कुछ लोगों को साथ लेकर राजू के घर के बाहर पहुंच गया। वहां खड़े होकर वह आवाजें लगाने लगा और हंगामा करने लगा। शोर सुनकर जब राजू घर से बाहर निकला, तभी विवाद अचानक हिंसक हो गया। परिजनों के अनुसार जैसे ही राजू दरवाजे से बाहर आया, हरसू ने कट्टा निकाला और फायर कर दिया। गोली राजू की पीठ में लगी।

टीआई बृजेन्द्र सिंह सेंगर ने आज बताया कि प्रारंभिक जांच में साफ हुआ है कि मामला पैसों के लेनदेन और ब्याज की मांग से जुड़ा है। दिन में हुई कहासुनी ने रात में गंभीर रूप ले लिया। घटना के बाद संतोष नगर में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित