दंतेवाड़ा , जनवरी 29 -- उद्योग विभाग एवं छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (सीएसआईडीसी) के मार्गदर्शन में रैंप योजना के तहत नगर पंचायत गीदम में एक उद्यमिता विकास कार्यक्रम का गुरुवार को आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र में व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक प्रतिभागियों, विशेषकर महिलाओं, को प्रोत्साहित करने एवं प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। यह ईडीपी लीप प्रोग्राम का दसवां सत्र था।
जिला पीआरओ से गुरुवार को मिली जानकारी के मुताबिक,यह पहल केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय और राज्य सरकार की संयुक्त उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत चलाई जा रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना और मुख्य नगर पालिका अधिकारी हुलसी प्रधान ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में एमएसएमई क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और 'राइजिंग एवं एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस' योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना उद्यमियों को तकनीकी उन्नयन, क्षमता निर्माण, बाजार पहुंच बढ़ाने और प्रतिस्पर्धात्मकता सुधारने में मदद कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित