उदयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान में उदयपुर में महिला अधिकारिता विभाग द्वारा सात दिवसीय संभाग स्तरीय अमृता हाट मेले का आयोजन 18 फरवरी से आयोजित किया जाएगा।
महिला अधिकारिता के विभाग के उपनिदेशक संजय जोशी ने मंगलवार को बताया कि वार्षिक अमृता हाट का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं द्वारा निर्मित मूल्य संवर्धित उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और विक्रय के साथ उनकी अलग पहचान स्थापित करना है। अब तक 110 स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं की सहभागिता की सहमति प्राप्त हो चुकी हैं। मेले में मूंग पापड़, दलिया, नमकीन, कृत्रिम आभूषण, रेडिमेड परिधान, श्रृंगार सामग्री, अचार, गृह सज्जा सामग्री और हस्तशिल्प सहित कई उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याएं, जागरूकता सत्र, कठपुतली कार्यक्रम, क्वीज, महिलाओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही 19 से 23 फरवरी तक अमृता प्रीमियर लीग के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं के विभिन्न खेलों का आयोजन प्रस्तावित है, जो मेले का विशेष आकर्षण रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित