उदयपुर , फरवरी 09 -- राजस्थान में उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक की हत्या का 48 घंटे मे खुलासा करते हुये पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने सोमवार को बताया कि गत छह मार्च को पालीदाणा में एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान सामता राम गरासिया (27) निवासी रावछ के रूप में हुई। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान थे जिससे उसकी हत्या करने का अंदेशा जताया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान निम्बाराम, रमेश, धर्माराम, हंसाराम एवं रमेश के रूप में की गयी है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ढुण्ढ के कार्यक्रम में सामताराम सहित हम सभी ने शराब पी थी। वापस आते समय सामताराम हमारे साथ जीप में बैठा था। सामताराम शराब के नशे में जीप में बैठी एक लडकी से छेडछाड कर रहा था। समझाने के बावजूद भी सामताराम नहीं माना और पुनः लडकी से छेडछाड करने लगा। तब हम सभी को गुस्सा आ गया और सब मिलकर सामताराम को सेमल से रावछ जाने वाले रास्ते पर जीप से उतार कर नाले में लेकर गये और उससे मारपीट की। जिससे सामताराम की मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित