कोलकाता , अप्रैल 8 -- पश्चिम बंगाल में मीनाखां पुलिस थाना पुलिस ने एक आवास से छह देसी बम बरामद किये और बम निराधक दस्ते ने सुरक्षित ढंग से निष्क्रिय कर दिया।पुलिस ने बताया कि आपातकालीन सेवा नंबर 100 के माध्यम से मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए उत्तर 24 परगना जिले के मीनाखां क्षेत्र में एक आवास से छह कच्चे बम बरामद किये हैं। यह कार्रवाई आगामी चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी करने के दौरान की गईपुलिस सूत्रों के अनुसार यह सूचना सोमवार को कुमारजोल गांव की निवासी चपिया बीबी (पत्नी अहेद हलदर) ने दी। उसने अपने आवास की चहारदीवारी के भीतर रसोई के बगल में स्थित मुर्गियों के बाड़े में देसी बम जैसी संदिग्ध वस्तुएं देखने के बाद अधिकारियों को सूचित किया।

पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और छह देसी बम मिलने की पुष्टि की। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुये क्षेत्र की तत्काल घेराबंदी कर दी गयी और किसी भी अनहोनी घटना को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया।

पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 के तहत मीनाखां पुलिस थाने में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। यह मामला शिकायतकर्ता के बेटे अब्दुस सलाम हलदर (26) के विरुद्ध दर्ज किया गया है, जो वर्तमान में फरार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित