कांकेर , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ में उत्तर बस्तर कांकेर जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने एवं आम जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से 'मोर मितान - कांकेर पुलिस' अभियान की शुरुआत की गई है।
इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के 154 गांवों में बीट प्रणाली लागू की गई है, जहां अब बीट प्रभारियों की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक कांकेर , निखिल राखेचा से आज मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अभियान पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रख सकेंगे।
'मोर मितान - कांकेर पुलिस' का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच मजबूत, भरोसेमंद और निरंतर संपर्क स्थापित करना है। इस अभियान के तहत तैनात बीट प्रभारी नियमित रूप से अपने आवंटित गांवों का दौरा करेंगे और ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। इस व्यवस्था से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और स्थानीय समस्याओं की त्वरित पहचान कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण ही नहीं, बल्कि जनता के मन में सुरक्षा की भावना को विकसित करना भी है। बीट प्रभारी ग्रामीणों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराएंगे। यह पहल पुलिस को जनता का मित्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन से कांकेर जिले में शांति और सद्भाव बनाए रखने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित