सिलिगुड़ी , अप्रैल 10 -- उत्तर बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी रणनीति बदलते हुए निर्दलीय उम्मीदवारों को साधने का अभियान तेज कर दिया है। पार्टी को डर है कि निर्दलीय प्रत्याशी उसके मुख्य वोट बैंक में सेंध लगा सकते हैं, जिससे कई सीटों पर समीकरण बिगड़ सकते हैं।

भाजपा की रणनीति स्पष्ट है। वो यह कि जमीनी पकड़ रखने वाले निर्दलीयों को मैदान से हटने के लिए मनाना और वोटों का बिखराव रोकना। उत्तर दिनाजपुर की चोपड़ा और मालदा की गजोले सीट पर पार्टी को इसमें सफलता भी मिली है। चोपड़ा में राजबंशी नेता सोमनाथ सिंह ने अपना नामांकन वापस लेकर भाजपा प्रत्याशी शंकर अधिकारी को समर्थन देने का ऐलान किया है। वहीं, गजोले में निर्दलीय प्रफुल्ल चंद्र सरकार भाजपा में शामिल हो गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित