वाराणसी , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने गरुवार को कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नयी गाथा गढ़ रहा है।

श्री जायसवाल ने काशी के नाटी इमली स्थित भरत मिलाप मैदान में गुरुवार को "नवनिर्माण के 9 वर्ष" विषयक चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। 19 से 26 मार्च तक चलने वाली इस आठ दिवसीय प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को चित्रों, पोस्टरों और डिजिटल माध्यमों के जरिए प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में 53 चित्रों के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जिसमें "योगी की पाती" विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

इस अवसर पर श्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश को पिछड़े राज्य के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब यह देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि "डबल इंजन सरकार" के प्रयासों से प्रदेश में बुनियादी ढांचा, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। सरकार की नीतियां समावेशी विकास पर केंद्रित हैं, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और देश-विदेश के उद्योगपति यहां निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित