लखनऊ , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की प्रमुख अनपरा तापीय विद्युत परियोजना (2630 मेगावाट) को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए "राज्य विद्युत उत्पादन स्टेशनों के लिये उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार" से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित "भारतीय विद्युत स्टेशन 2026" संचालन एवं अनुरक्षण सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया।
रायपुर में 13 से 15 फरवरी तक आयोजित सम्मेलन के दौरान यह पुरस्कार केंद्र सरकार के विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल तथा गुरदीप सिंह, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनटीपीसी लिमिटेड ने प्रदान किया। सम्मेलन का विषय "गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता के साथ तापीय विद्युत उत्पादन का अनुकूलन" रहा। जिसमे मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की विद्युत उत्पादन कंपनियों ने भाग लिया।
गौरतलब है कि सोनभद्र जनपद में स्थित अनपरा तापीय विद्युत परियोजना प्रदेश की सर्वाधिक क्षमता वाली कोयला आधारित उत्पादन इकाइयों में से एक है। परियोजना ने उत्कृष्ट संचालन दक्षता, उच्च विश्वसनीयता मानकों और बेहतर अनुरक्षण प्रबंधन के आधार पर यह उपलब्धि हासिल की है। 9646 मेगावाट की कुल स्थापित क्षमता के साथ उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड देश की दूसरी सबसे बड़ी राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित