लखनऊ , दिसम्बर 12 -- उत्तर प्रदेश में शीतकालीन मौसम के बीच घने कोहरे का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों विशेषकर पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इसी के मद्देनज़र अगले 2-3 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा उसके बाद 2 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार को प्रदेश बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, कुशीनगर, बलिया और बस्ती में घना कोहरा दर्ज किया गया जबकिमुरादाबाद और आज़मगढ़ में भी कोहरा दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह ने बताया कि पश्चिमी हिमालयीय क्षेत्रों में संभावित पश्चिमी विक्षोभ, साथ ही प्रदेश में पुरवा हवाओं के प्रभाव और आंशिक बादलों के कारण अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।हालांकि तापमान में यह सुधार कोहरे की स्थिति पर कोई विशेष प्रभाव नहीं डालेगा क्योंकि निम्न क्षोभमंडलीय स्थिरता के चलते कई जिलों में कोहरा घना ही बना रहेगा।

चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि यह मौसम अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और श्वसन संबंधी रोगियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। सुबह के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आवश्यक होने पर ही सुबह यात्रा करें और वाहन की गति कम रखें।। फॉग लाइट व लो बीम का उपयोग अवश्य करें।बुजुर्गों और बच्चों को ठंड व धुंध से बचाकर रखें। मौसम अपडेट नियमित रूप से प्राप्त करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित