नयी दिल्ली , जनवरी 24 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को मजबूत कानून व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए कहा है कि राज्य आज आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में तेजी से प्रगति करते हुए एक ट्रिलियन डॉलर (एक लाख करोड़ डॉलर) की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बढ़ रहा है।
प्रधनमंत्री मोदी ने 'उत्तर प्रदेश दिवस' पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे एक पत्र में अवसंरचना विकास, विनिर्माण उद्योग, सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के क्षेत्र में तीव्र प्रगति, कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार और सांस्कृतिक विरासतों को नया वैभव एवं गरिमा देने के विभिन्न कार्यों का विशेष रूप से उल्लेख किया है। उन्होंने राज्य को आत्मनिर्भर अभियान, मिशन मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनाने का संकल्प याद दिलाया है।
श्री मोदी ने कहा, ''जनसंख्या की दृष्टि से उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। जब हम सामूहिक शक्ति से विकास का निर्धारित लक्ष्य लेकर चलेंगे तो उत्तर प्रदेश की प्रगति से देश के विकास को भी नई गति मिलेगी।"श्री मोदी ने कहा , "उत्तर प्रदेश आज मजबूत कानून व्यवस्था का भी एक उदाहरण बन चुका है। नये कीर्तिमानों के साथ ही राज्य ने जनसेवा और लोक कल्याणकारी नीतियों को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाकर उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। गरीबों के लिए रिकॉर्ड संख्या में बने नये घरों से लेकर बेहतर जीवन के लिये उन तक पहुंच रही विभिन्न सुविधाएं, अंत्योदय के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्पण को दिखाती हैं।"उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब परियोजनाएं दशकों तक टली रहती थीं और व्यवस्था के प्रति जनता में एक अविश्वास पैदा हो गया था। आज भाजपा सरकार में पुरानी परियोजनाओं को पूरा करने के साथ नयी परियोजनाएं भी तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा, "इसमें केंद्रीय स्तर पर होने वाली 'प्रगति' प्लेटफार्म की बैठकों की भी अहम भूमिका रही है।"श्री मोदी ने कहा है कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के बाद अब गंगा-एक्सप्रेसवे भी उत्तर प्रदेश के विकास को नयी रफ्तार देने जा रहा है। उत्तर प्रदेश जल्द ही सबसे अधिक 21 हवाई अड्डों वाला प्रदेश बनने की राह पर है। लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या जैसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के बाद अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी शीघ्र चालू होने वाला है।
श्री मोदी ने इस पत्र में प्रदेश वासियों को 'उत्तर प्रदेश दिवस' की हृदय से शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि वह काशी के सांसद है इसलिए यह दिन उनके लिए और भी विशेष है।
उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश के लोगों से मुझे जो प्रेम और आत्मीयता मिली है, वह मेरे लिए बहुत बड़ी पूंजी है।" प्रधानमंत्री ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की मिट्टी में कुछ खास है और इस प्रदेश ने हमेशा अपने सामर्थ्य से, अपनी प्रतिभा से देश के विकास को गति दी है।
उन्होंने कहा " मुझे खुशी है कि हमारा उत्तर प्रदेश आज 'विकास भी और विरासत भी' के मंत्र का उत्तम उदाहरण बन रहा है।" उत्तर प्रदेश प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है। इसी भूमि पर सारनाथ में भगवान बुद्ध का ज्ञान विश्व को प्राप्त हुआ था।अनंत काशी और पवित्र प्रयागराज भी यहीं हैं।
श्री मोदी ने योगी आदित्यनाथ को लिखा है कि अयोध्या के राम मंदिर में प्राणप्रतिष्ठा-ध्वजारोहण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्निर्माण, महाकुंभ का आयोजन और अभी चल रहा माघ मेला उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक सामर्थ्य को दर्शाता है। यह सामर्थ्य उत्तर प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं को साकार कर रहा है।
श्री मोदी ने स्वाधीनता संग्राम में प्रदेश के क्रांतिकारियों के त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण की याद दिलाते हुए कहा कि झांसी और मेरठ से लेकर काकोरी तक उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता आंदोलन की उर्वर भूमि भी रहा। इस प्रांत की मिट्टी को रानी लक्ष्मीबाई, झलकारीबाई, बेगम हजरत महल, मंगल पांडे, राम प्रसाद बिस्मिल, चंद्रशेखर आज़ाद, अशफाकुल्लाह खान जैसी महान विभूतियों की जन्मभूमि और कर्मभूमि बनने का गौरव प्राप्त है। मध्यकाल में राजा सुहेलदेव ने आक्रमणकारियों के आतंक का अंत किया था। इतिहास राजा बिजली पासी के शौर्य का भी साक्षी रहा है।
उन्होंने लिखा कि 'ऐसी महान प्रेरक गाथाओं को साथ लेकर उत्तर प्रदेश के लोगों ने अपने श्रम, सामर्थ्य और निष्ठा से राज्य की एक अलग पहचान बनाई है। आज उत्तर प्रदेश तेजी से एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।"श्री मोदी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश का विकास 'आत्मनिर्भर भारत अभियान' को बल दे रहा है। प्रदेश में लाखों की संख्या में लघु, मझोले और कुटीर उद्योग भी हैं। बनारसी साड़ी , भदोही के कालीन , कन्नौज के इत्र और मुरादाबाद के पीतल के बर्तन जैसे उत्पादों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा है कि इस प्रदेश के हर जिले की अपनी शक्ति है। 'एक जिला-एक उत्पाद' अभियान ने उत्तर प्रदेश के लाखों लघु उद्योगों को सशक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि परंपरागत उत्पादों के साथ ही उत्तर प्रदेश सेमीकंडक्टर चिप, ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन और डिफेंस कॉरिडोर के जरिए विकसित होते भारत का प्रतिबिंब बनकर उभर रहा है। प्रदेश मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में शीर्ष बन गया है।
उन्होंने याद किया कि गरीब महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन लाने वाली उज्ज्वला योजना को उन्होंने प्रदेश के बलिया शहर से शुरू किया था। आज उज्ज्वला योजना गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण का पर्याय बन चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित