लखनऊ , दिसम्बर 12 -- उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में संगठनात्मक चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया अब आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। परिस्थितियां बयां कर रही हैं कि 16 दिसंबर खरमास से पहले भाजपा अपना प्रदेश अध्यक्ष चुन लेगी।

पार्टी के वरिष्ठ नेता महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि 13 दिसम्बर को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया दोपहर एक बजे से दो बजे तक भाजपा के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित होगी। केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की मौजूदगी में नामांकन पत्र लिए जाएंगे। वहीं, केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल 14 दिसम्बर को निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराएंगे। उसी दिन प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिक घोषणा भी कर दी जाएगी।

भाजपा के भीतर लंबे समय से चल रही अध्यक्ष चयन प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है, और पार्टी नेतृत्व 2027 विधानसभा चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए नए अध्यक्ष के नाम को अंतिम रूप देने जा रहा है।

गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनने की संवैधानिक प्रक्रिया के तहत सबसे पहले प्रांतीय परिषद के सदस्य तय किए जाते हैं। 403 विधानसभा क्षेत्रों से एक-एक सदस्य चुना जाता है। हालांकि, यह वहीं से चुने जाते हैं जहां के जिलाध्यक्ष घोषित हो चुके होते हैं। भाजपा ने 98 जिलों में प्रदेश को बांटा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित