लखनऊ , फरवरी 11 -- उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में परिवहन विभाग को मिली प्राथमिकता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह प्रावधान उत्तर प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि बसों के बेड़े को मजबूत करने के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से ई-बसों की खरीद की जाएगी। इससे एक ओर जहां यात्रियों को आरामदायक और प्रदूषण-मुक्त यात्रा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर शहरी क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता में सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक बस अड्डों के निर्माण और उन्नयन के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इन बस अड्डों पर डिजिटल सूचना प्रणाली, बेहतर प्रतीक्षालय और स्वच्छता सुविधाएं विकसित की जाएंगी।इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है। "मुख्यमंत्री सड़क सुरक्षा विजन योजना" के अंतर्गत 50 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जिससे दुर्घटना रोकथाम, जागरूकता अभियान और आपातकालीन सहायता प्रणाली को सुदृढ़ किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित