चमोली, फरवरी 25 -- उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण भराड़ीसैण में आयोजित होने वाले आगामी विधानसभा बजट सत्र को देखते हुए बुधवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से भराड़ीसैण विधानसभा परिसर का निरीक्षण किया।
श्री कुमार और श्री पंवार ने विधानसभा परिसर में सम्बधित विभागों से बजट सत्र की व्यवस्थाओं का गहनता से जानकारी ली और सत्र व्यवस्थाओं के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से भराड़ीसैण विधानसभा सत्र के दौरान बैरिकेडिंग, वाहन पार्किंग, शौचालय सफाई, मेडिकल सुविधा, पेयजल सुविधा , वाहन पार्किंग, सफाई, स्ट्रीट लाईट हैलीपैड,एटीएम,वाहन ,विद्युत सहित सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली । उन्होंने सीसीटीवी कैमरे, पुलिस आवासीय भवनों की व्यवस्थाओं को समय रहते हुए दुरुस्त करने, संवेदनशील क्षेत्रों में नेटवर्क वायरलेस कनेक्टिविटी दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही शैडो एरिया चिह्नित कर अतिरिक्त संचार साधनों की व्यवस्था के निर्देश दिये। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बजट सत्र के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस बल की उपलब्धता पर महत्वपूर्ण फीड बैक लिया।
बजट सत्र की सुरक्षा पर कड़ी नजर रखने के लिए होम वर्क किया जा रहा है।गैरसैण और आस पास फेरी लगाने वाले, मजदूरों और होमस्टे में आने वाले लोगों का सत्यापन गहनता से करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो।
सत्र के दौरान प्रदर्शनों की संभावना के कारण विशेष एहतियात बरतने के भी सख्त निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित