रामनगर , जनवरी 25 -- एमपी इंटर कॉलेज रामनगर में 79 यूके बटालियन एनसीसी नैनीताल एवं 05 यूके नेवल बटालियन नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय एनसीसी 'ए' सर्टिफिकेट परीक्षा का रविवार को सफल समापन हो गया। इस परीक्षा में रामनगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से जूनियर डिवीजन एवं जूनियर विंग आर्मी और नेवल के कुल 266 कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी हेम चंद्र पाण्डे ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, मानचित्र अध्ययन, शस्त्र प्रशिक्षण, सामान्य ज्ञान, फिजिकल फिटनेस एवं लिखित परीक्षा सहित विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। परीक्षा का संचालन 79 यूके बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अवजीत मेहता तथा 05 यूके नेवल बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह के निर्देशन में किया गया। इस दौरान एनसीसी अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण भी किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि एनसीसी 'ए'सर्टिफिकेट परीक्षा कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं एनसीसी अधिकारी कैप्टन पंकज जैन ने बताया कि इस प्रकार की परीक्षाएं युवाओं को आत्मनिर्भर, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित