देहरादून , फरवरी 11 -- उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए केन्द्र सरकार को वित्तीय वर्ष 2026-27 को लेकर करीब एक हजार करोड़ रुपये का प्रोग्राम इम्पलीमेंटेशन प्लान (पीआईपी) प्रस्तुत करने का निर्णय लिया है।
जिसमें राज्य की वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान मे रखते हुये आधा दर्जन नई योजनाओं को भी शामिल किया जायेगा।
उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बुधवार को देहरादून के यमुना कॉलोनी स्थित अपने शासकीय आवास पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा बैठक ली।
जिसमें उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिये केन्द्र सरकार को भेजी जाने वाली पीआईपी को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से एनएचएम के तहत पूर्व से संचालित कार्यक्रमों के आलावा आशाओं का मानदेय बढ़ाये जाने, वैक्सीन स्टोरेज हेतु आवश्यक उपकरण, कोल्ड चेन उपकरण, मॉडल इम्युनाइजेशन सेंटर की स्थापना, चारधाम के लिये मोबाइल वैक्सीनेशन वैन, पर्वतीय क्षेत्रों में सेफ्टी पिट्स व वीपीडी सर्विलांस आदि को प्रमुखता से पीआईपी में शामिल करने के लिए कहा।
इसके अलावा उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिये राज्य के सभी सांसदगणों से भी सुझाव आमंत्रित कर पीआइपी में शामिल करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित