हल्द्वानी , नवंबर 08 -- उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत उत्सव पर शनिवार को मातृशक्ति उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इसके साथ ही समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गयाउत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में रजत जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में मातृशक्ति उत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों - शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, कला, सामाजिक सेवा और महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने सम्मानित किया। स्टेडियम परिसर मातृशक्ति के उत्साह और गर्व से गूंज उठा।
मंच से संबोधित करते हुए श्रीमती आर्य ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन से लेकर अब तक उसकी प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने हमेशा हर मोर्चे पर अग्रणी भूमिका निभाई है चाहे राज्य आंदोलन का दौर रहा हो या आज समाज के हर क्षेत्र में नेतृत्व की बात हो।
श्रीमती आर्य ने कहा,"हमारी बेटियां और बहनें इस राज्य की रीढ़ हैं। रजत जयंती के इस अवसर पर उनका सम्मान राज्य के प्रति आभार और गर्व का प्रतीक है।"कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में राज्य ने अभूतपूर्व प्रगति की है। आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, राजनीति और रक्षा सेवाओं जैसे क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
कार्यक्रम में सम्मानित हुई महिलाओं ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। उन्होंने इसे राज्य की हर उस महिला को समर्पित किया जो अपने परिवार, समाज और राज्य के विकास में निरंतर योगदान दे रही है।
मातृशक्ति उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें महिला समूहों ने कुमाऊं और गढ़वाल की पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं, समारोह में राज्य की उपलब्धियों और महिला सशक्तिकरण की दिशा में हुई प्रगति को प्रदर्शित करने वाली झांकियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित