देहरादून , फरवरी 06 -- उत्तराखंड राज्य में सहकारिता आंदोलन को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से सरकार जल्द ही सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा की शुरुआत करने जा रही है।
उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने शुक्रवार को बताया कि यह पहल केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की भारत टैक्सी सेवा से प्रेरित है, जिसका शुभारंभ गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ अब तेजी से पर्यटन, तीर्थाटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी उभर रहा है। राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और शांत वातावरण के कारण देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में प्रतिवर्ष 30 लाख से अधिक श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं,जबकि पिछले वर्ष एक आंकड़े के अनुसार 4 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक राज्य में आये, जो अब तक का रिकॉर्ड माना जा रहा है।इन पर्यटकों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड के धार्मिक, पर्यटन और सांस्कृतिक स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार प्रमोट कर रहे है, जिससे राज्य में तीर्थाटन, पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग के क्षेत्र में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा उत्तराखंड के लिए आर्थिक, सामाजिक और रोजगार सृजन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।
धन सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित सहकार टैक्सी योजना के तहत सारथी भाई-बहनों के लिए स्वामित्व , सुरक्षा , सामाजिक कवच और सम्मान को केंद्र में रखकर कार्य किया जाएगा। सहकारिता आधारित टैक्सी योजना को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।जल्द इसका विस्तृत रोडमैप तैयार कर उत्तराखंड में सहकार टैक्सी योजना को धरातल पर उतारा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित